तिलक और बिंदी हटवाने के आरोप पर स्कूल में हंगामा, हिंदू संगठनों ने थाने में दिया आवेदन
सागर शहर के मोती नगर थाना क्षेत्र स्थित जॉय एंड कैंपियन स्कूल में एक छात्र का तिलक और छात्रा की बिंदी हटवाने के आरोप को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठनों के पदाधिकारी स्कूल पहुंचे और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताते हुए जमकर हंगामा किया। इसके बाद मोती नगर थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग को लेकर आवेदन भी सौंपा गया।
जानकारी के अनुसार, दसवीं कक्षा का एक छात्र अपनी बहन के साथ स्कूल पहुंचा था। आरोप है कि छात्र के माथे पर लगा तिलक और छात्रा की बिंदी स्कूल संचालक पंकज मुखारिया ने हटवा दी। इतना ही नहीं, बच्चों को अपशब्द कहे एवं यह चेतावनी भी दी गई कि यदि भविष्य में वे तिलक और बिंदी लगाकर स्कूल आए तो उनका नाम स्कूल से काट दिया जाएगा। बच्चों ने घर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने परिजनों को दी,जिसके बाद मामला हिंदू संगठनों तक पहुंचा।
हिंदू संगठन के पदाधिकारी दिनकर तिवारी ने बताया कि उन्हें स्कूल में सनातन विरोधी गतिविधियों की शिकायत मिली थी। उनका आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने धार्मिक आस्था से जुड़े प्रतीकों का अपमान किया है, जिससे हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की शिकायत मोती नगर थाने में की गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सभी हिंदू संगठन स्कूल के खिलाफ व्यापक आंदोलन करेंगे।
वहीं,हिंदू संगठनों का दावा है कि बातचीत के दौरान स्कूल के जिम्मेदारों ने इस घटना को स्वीकार किया। हालांकि, इस मामले में स्कूल प्रबंधन की ओर से आधिकारिक लिखित प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
फिलहाल पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




